वाराणसी
हड़हासराय में सीवर लाइन पर निर्माण से जलभराव, महापौर ने लिया जायजा
मुख्य सीवर लाइन बाधित होने से हड़हा, दालमंडी, काशीपुरा व पियरी क्षेत्र में बढ़ी समस्या, सात दिन में अवरोध हटाने का निर्देश
वाराणसी। हड़हासराय क्षेत्र में सीवर लाइन के ऊपर हुए निर्माण के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या को देखते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने गुरुवार को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हड़हा, दालमंडी और काशीपुरा क्षेत्रों का भ्रमण कर जलनिकासी एवं सीवर व्यवस्था की स्थिति देखी तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
विभागीय जांच के दौरान सामने आया कि नावेद कॉम्प्लेक्स भवन के नीचे से जलकल विभाग की मुख्य सीवर लाइन गुजर रही है। यह लाइन राम सिंह अखाड़ा होते हुए दशाश्वमेध जोनल कार्यालय परिसर के मुख्य चैंबर से जुड़ती है। सीवर लाइन के ऊपर पक्का निर्माण होने के कारण इसका प्रवाह बाधित हो गया है। इससे हड़हा, दालमंडी, काशीपुरा और पियरी क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो के साथ जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।

महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जलकल विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, जलकल विभाग की ओर से भवन स्वामी को दोबारा नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर सीवर लाइन को अवरोध-मुक्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत का कार्य कराने की बात कही गई है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता को जलभराव और सीवर ओवरफ्लो के कारण किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
अन्य वार्डों में भी विकास कार्यों की समीक्षा
इससे पूर्व महापौर ने सुसुवाही वार्ड, अवलेशपुर, कंदवा और चितईपुर क्षेत्र का भी दौरा किया। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षदों और अधिकारियों के साथ जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा विभिन्न स्थानों पर चल रहे विकास एवं सफाई कार्यों की समीक्षा की। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद इर्देश कुमार, श्रवण कुमार गुप्ता, अतुल पांडेय, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह, जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
