गाजीपुर
जयदेश की खबर का असर: बिजली तारों से हटाई गई बेल और टहनियां
नंदगंज बाजार में विद्युत विभाग की कार्रवाई, करंट और स्पार्किंग के खतरे से मिली राहत
नंदगंज, गाजीपुर। नंदगंज बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बगल में पत्रकार पुरम गली के मुहाने पर बिजली के तारों से सटी हरी बेल और पौधों की टहनियों को विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को काटकर हटा दिया। स्थानीय लोगों ने इसे ‘जयदेश’ में प्रकाशित खबर का असर बताया।
बिजली के तारों से बेल और पौधों की टहनियां सट जाने के कारण स्पार्किंग होने और आसपास के पेड़ों-पौधों में करंट उतरने का खतरा बना हुआ था। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों में किसी अनहोनी की आशंका थी।
समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विद्युत विभाग ने संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचकर तारों से सटी बेल व टहनियों को हटाया। कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
लोगों ने समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए ‘जयदेश’ के नंदगंज संवाददाता और संपादक मंडल के प्रति आभार जताते हुए बधाई दी।
