आजमगढ़
तरवा ब्लॉक के सराय बिंद्रावन में पानी संकट, ग्रामीणों ने विकास कार्यों में अनियमितता का लगाया आरोप
पंचायत भवन, हैंडपंप रिबोर और स्वच्छता योजनाओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग
आजमगढ़। तरवा ब्लॉक की ग्राम सभा सराय बिंद्रावन में पेयजल, स्वच्छता और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई योजनाओं पर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है और लोग एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब 18 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन का निर्माण कागजों में पूरा दिखाया गया, जबकि धरातल पर स्थिति अलग है। इसी तरह इंडिया मार्का हैंडपंपों के रिबोर और शौचालयों के निर्माण एवं रखरखाव के नाम पर अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन परिसर में लगा हैंडपंप भी ग्रामीणों की परेशानी का उदाहरण बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने गांव में सार्वजनिक शौचालय, डस्टबिन, नाली, सीमेंट बेंच और सफाई व्यवस्था की भी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि गांव में सफाई और पेयजल की स्थिति बेहद खराब है तथा योजनाओं का लाभ अपेक्षित रूप से लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने वर्तमान ग्राम प्रधान महेंद्र पासवान और सचिव उमाशंकर पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का बयान सामने नहीं आया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में खंड विकास अधिकारी तरवा से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा गांव में पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
