गाजीपुर
भांवरकोल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीदों को किया नमन
बाइक सवार युवाओं ने लगाए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे
भांवरकोल (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मंगलवार को भांवरकोल द्वितीय मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शेरपुर खुर्द स्थित शहीद स्तंभ से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए शेरपुर कला स्थित शहीद पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और भाजपा कार्यकर्ता बाइक पर हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का उत्साह के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भांवरकोल आनंद राय ‘मुन्ना’ रहे। यात्रा का संयोजन मंडल महामंत्री ओमप्रकाश राय ने किया। मंडल अध्यक्ष रोशन कुशवाहा और निवर्तमान मंडल अध्यक्ष सतीश चंद्र राय समेत क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शहीद पार्क पहुंचने पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और तिरंगे की आन-बान-शान को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
