वाराणसी
पुरानी चुंगी तिराहे पर हर पल हादसे का खतरा, कब जागेंगे जिम्मेदार?
फुलवरिया फोरलेन के बाद बढ़ा भारी वाहनों का दबाव, स्कूली बच्चों और दोपहिया सवारों की सुरक्षा पर सवाल
न ट्रैफिक बूथ, न नियमित पुलिस तैनाती; शनिवार को स्कूटी सवार छात्रा हुई घायल
शिवपुर (वाराणसी)। शिवपुर के पुरानी चुंगी से केंद्रीय कारागार जाने वाले मार्ग पर स्थित तिराहा इन दिनों हादसों के लिहाज से संवेदनशील बन गया है। फुलवरिया फोरलेन निर्माण के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। जौनपुर, लखनऊ, बलिया और प्रयागराज समेत विभिन्न जिलों के लिए जाने वाली बसों के अलावा बड़ी संख्या में ट्रक और अन्य भारी वाहन यहां से गुजरते हैं। इसके बावजूद तिराहे पर यातायात नियंत्रण की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है।

स्कूटी सवार छात्रा को वाहन ने मारी टक्कर
शनिवार सुबह इसी तिराहे पर स्कूटी से जा रही एक छात्रा को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा सड़क पर गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि तिराहे पर चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए न तो ट्रैफिक पुलिस बूथ है और न ही नियमित यातायात पुलिस की तैनाती।
स्कूलों के समय बढ़ जाता है खतरा
पुरानी चुंगी और शिवपुर क्षेत्र घनी आबादी वाला है। इस मार्ग पर संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, नॉर्मल स्कूल और राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज समेत कई शिक्षण संस्थान हैं। सुबह स्कूल खुलने और दोपहर में छुट्टी के समय बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, दोपहिया वाहन और पैदल राहगीर तिराहे से गुजरते हैं।

भारी वाहनों की तेज आवाजाही के बीच सड़क पार करना बच्चों और बुजुर्गों के लिए चुनौती बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है।
ट्रैफिक बूथ और पुलिस तैनाती की मांग
क्षेत्रीय लोगों ने तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस बूथ स्थापित करने के साथ व्यस्त समय में यातायात पुलिस की नियमित तैनाती की मांग की है। लोगों का कहना है कि चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों की दिशा निर्धारित करने के लिए यातायात संकेतक और जरूरी बैरिकेडिंग भी लगाई जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से तिराहे का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे के बाद व्यवस्था सुधारने की नौबत न आए।
