वाराणसी
मिशन शक्ति के तहत 300 से अधिक छात्राओं को किया जागरूक
सिगरा पुलिस की कार्यशाला में सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन की दी जानकारी
वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के तहत सिगरा पुलिस की ओर से शुक्रवार को लल्लापुरा स्थित मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। ‘बेटियां हैं देश की शान, उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य रखें पूरा ध्यान’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।
थाना सिगरा के प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र ने छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने 181, 112 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताते हुए किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
कार्यशाला में छात्राओं ने भी अपनी समस्याएं और सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने उनकी बात गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बंगाड़ ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या पर पुलिस तत्काल मदद के लिए उपलब्ध है। यदि किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है तो छात्राएं उच्च अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकती हैं।
कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मविश्वास के साथ अपनी आवाज उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
