बलिया
मुकदमा वापस लेने का दबाव, घर में घुसकर महिला से मारपीट
गला दबाकर जान से मारने की धमकी का आरोप, उभांव पुलिस ने दर्ज किया केस
बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरारोड कस्बे में पुराना मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए महिला के घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनाडीह त्रिमुहानी, वार्ड नंबर छह निवासी हिना खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 23 जून को उभांव थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इसी मामले को लेकर 7 अगस्त को मुतकवीम उर्फ सोनू फरसाटारी अपने परिजनों के साथ जबरन उनके घर में घुस आया और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक, मुकदमा वापस लेने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मुतकवीम और उसके पुत्र अयान ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की तथा जान से मारने की धमकी दी।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पीड़िता की बहन यासमीन के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पीड़िता ने उभांव थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आरोपों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
