बलिया
पोकलेन चालक पर युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
बैरिया में पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, युवती की बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना
बैरिया (बलिया)। थाना क्षेत्र में गंगा पार कटान रोधी कार्य में लगे एक पोकलेन चालक पर 22 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगा है। युवती के पिता की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी चालक रंजीत कुमार निवासी कुशीनगर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता के मुताबिक आरोपी चालक कटान रोधी ठोकर निर्माण कार्य के दौरान रोजाना अपनी पोकलेन मशीन उनके घर के सामने खड़ी करता था। बुधवार को मजदूरी से लौटने पर उन्होंने बेटी को घर से गायब पाया। घर में मौजूद मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालने पर आखिरी कॉल आरोपी चालक के नंबर पर होने की बात सामने आई।
पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने बेटी के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को रवाना किया गया है। पुलिस मामले की जांच के साथ युवती की तलाश में जुटी है।
