प्रयागराज
राहुल गांधी आज प्रयागराज में छात्रों से करेंगे संवाद
केपी कॉलेज मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, युवाओं के मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रयागराज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचकर छात्रों से संवाद करेंगे। शहर के केपी कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पुलिस प्रशासन से अनुमति मिल चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि यह कार्यक्रम केवल संवाद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं के भविष्य और उनकी समस्याओं पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
करीब छह घंटे प्रयागराज में रहेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली से रवाना होंगे और 3:15 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह आनंद भवन और स्वराज भवन में कुछ समय रुकेंगे।
शाम 5 बजे केपी कॉलेज मैदान में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम शुरू होगा। राहुल गांधी शाम 6 बजे से रात करीब 8:30 बजे तक छात्रों से बातचीत करेंगे। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे प्रयागराज से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
714 दिन बाद संगमनगरी आएंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी इससे पहले 24 अगस्त 2024 को प्रयागराज आए थे। ऐसे में करीब 714 दिन बाद उनका संगमनगरी में दोबारा आगमन हो रहा है। अपने पिछले दौरे के दौरान उन्होंने संविधान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लिया था और संविधान व सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे थे।
इस बार राहुल गांधी का कार्यक्रम पूरी तरह छात्रों और युवाओं पर केंद्रित है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर संवाद होने की संभावना है।
