बलिया
देवघर के लिए 21वां कांवरिया जत्था रवाना
महाकरपुर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई शुरुआत, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा इलाका
बलिया। सावन माह के पावन अवसर पर शुक्रवार को महाकरपुर (चांदपुर) स्थित श्री सिदेश्वर महादेव कमेटी के तत्वावधान में लगातार 21वें वर्ष कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। ग्राम प्रधान एवं पत्रकार पप्पू पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ कराया।
मंदिरों में दर्शन के बाद शुरू हुई यात्रा
देवघर प्रस्थान से पहले कांवरियों ने जंगली बाबा, बाबा बालेश्वर नाथ और महर्षि भृगु मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयघोष के बीच शिवभक्तों का जत्था देवघर के लिए रवाना हुआ।
सेवा, अनुशासन और आस्था का प्रतीक है कांवर यात्रा
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पप्पू पाण्डेय ने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। ग्रामीणों और महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए शिवभक्त
इस वर्ष के जत्थे में डब्लू बम, अभय बम, नीरज बम, राजू बम, राज कुमार बम, टुनटुन बम, सतेंद्र बम, राम प्रवेश बम, ईलू बम और सीटू बम सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। सभी श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना करेंगे।
