बलिया
‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ के नारों से गूंजा जिगनी खास
आठ साल से जर्जर सड़क से नाराज ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी
गड़वार (बलिया)। विकासखंड गड़वार की ग्राम पंचायत जिगनी खास (उत्तर डेरा) में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। करीब आठ वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे लगभग 700 की आबादी वाले गांव के लोगों ने प्रदर्शन करते हुए “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद किया और चेतावनी दी कि यदि चुनाव से पहले सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो पूरा गांव मतदान का बहिष्कार करेगा।
बारिश में दलदल बन जाता है मार्ग
ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही मुख्य सड़क कीचड़ और दलदल में बदल जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्कूली बच्चों को रोजाना कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है और कई बार वे गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। वहीं गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं तक एंबुलेंस पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
आठ साल से मिल रहे सिर्फ आश्वासन
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। सड़क की बदहाली के कारण गांव के लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण नहीं हुआ तो करेंगे मतदान का बहिष्कार
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि चुनाव से पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो पूरा गांव लोकतांत्रिक तरीके से मतदान का बहिष्कार करेगा। प्रदर्शन में विदेशी यादव, भृगुनाथ यादव, अखिलेश यादव, विनोद यादव, रमाकांत यादव, हारीमंगल यादव, राजेंद्र यादव, चंद्रमा यादव, जयप्रकाश यादव, जगत यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
