गोरखपुर
विकसित चिल्लूपार के लिए विधायक ने सीएम को सौंपा मांगपत्र
सड़क, सिविल कोर्ट, कार्गो एयरपोर्ट और उच्च शिक्षण संस्थानों समेत कई विकास प्रस्ताव रखे
गोरखपुर। चिल्लूपार विधायक एवं विधानमंडल दल के सचेतक राजेश त्रिपाठी ने गुरुवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने चिल्लूपार को विकसित क्षेत्र बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण मांगों का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
सड़क, सिविल कोर्ट और सर्किल रेट बढ़ाने की मांग
विधायक ने चिल्लूपार की जर्जर हो चुकी 100 प्रमुख सड़कों की सूची मुख्यमंत्री को सौंपते हुए बरसात के दौरान मरम्मत और बाद में स्थायी निर्माण कराने का अनुरोध किया। इसके अलावा गोला तहसील मुख्यालय पर दिवानी न्यायालय की स्थापना, गोरखपुर जनपद का सर्किल रेट बढ़ाने, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली बनाने तथा पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त करने की मांग भी उठाई।
कार्गो एयरपोर्ट और शिक्षण संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव
राजेश त्रिपाठी ने धुरियापार क्षेत्र में कार्गो एयरपोर्ट की स्थापना, चिल्लूपार में नर्सिंग कॉलेज, बी-फार्मा कॉलेज, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। साथ ही तीहा मुहम्मदपुर अंडरपास में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, ग्रेटर गीडा क्षेत्र में प्रस्तावित उद्योगों के शीघ्र शिलान्यास तथा सरयू अमृत महोत्सव एवं रुद्र महायज्ञ में मुख्यमंत्री को शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
