भदोही
निजी वाहनों पर ‘पुलिस’ और ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखकर रौब झाड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग
समाजसेवी राहुल सिंह ने एसपी को सौंपा पत्र, काले शीशे और हूटर लगे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने की उठाई मांग
भदोही। जनपद में निजी वाहनों पर अवैध रूप से “पुलिस” और “उत्तर प्रदेश सरकार” लिखवाकर तथा हूटर लगाकर चलने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी है। समाजसेवी राहुल सिंह ने पुलिस अधीक्षक भदोही को पत्र सौंपकर ऐसे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के वाहन यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं और आम जनता में भय का माहौल बना रहे हैं।
काले शीशों वाले वाहनों के दुरुपयोग पर जताई चिंता
राहुल सिंह ने अपने पत्र में कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में काली फिल्म या काले शीशे लगे वाहन भी संचालित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व ऐसे वाहनों का उपयोग अपनी पहचान छिपाकर छिनैती, लूट, अवैध वसूली और फर्जी चेकिंग जैसी वारदातों के लिए कर रहे हैं। कई लोग स्वयं को पुलिसकर्मी या सरकारी अधिकारी बताकर आम लोगों को धमकाते हैं, जिससे पुलिस विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग
समाजसेवी ने पत्र में उल्लेख किया कि निजी वाहनों पर सरकारी पहचान का दुरुपयोग और अवैध हूटर का प्रयोग मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा काले शीशों पर लगाए गए प्रतिबंध का भी हवाला देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
एफआईआर, चालान और जागरूकता अभियान चलाने की अपील
राहुल सिंह ने मांग की है कि जनपद में विशेष अभियान चलाकर निजी वाहनों से “पुलिस” और “उत्तर प्रदेश सरकार” जैसे शब्द, अवैध नेमप्लेट और हूटर तत्काल हटवाए जाएं। काले शीशों वाली गाड़ियों की फिल्म उतरवाकर चालान एवं आवश्यकतानुसार सीज की कार्रवाई की जाए। साथ ही दोषी वाहन स्वामियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई तथा आम जनता को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान भी चलाया जाए।
