Uncategorized
बलिया में जल्द शुरू होगा इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
चार्जिंग स्टेशन तैयार, परिवहन विभाग ने चार बसों की मांग भेजी
बलिया। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने वाला है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की पहल पर जीराबस्ती स्थित रोडवेज डिपो परिसर में चार्जिंग स्टेशन तैयार कर लिया गया है। अब शासन से बसों की स्वीकृति मिलने का इंतजार है।
20 मिनट में चार्ज, 200 किलोमीटर तक चलेगी बस
प्रभारी एआरएम महेश पाण्डेय ने बताया कि परिवहन विभाग ने शासन से चार इलेक्ट्रिक बसों की मांग की है। ये बसें लगभग 20 मिनट में चार्ज होकर एक बार में करीब 200 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेंगी। वर्तमान में रोडवेज डिपो में 46 नियमित और 27 अनुबंधित डीजल बसें संचालित हैं।
छात्र-छात्राओं को मिलेगा सीधा लाभ
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अलावा जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय और अमर शहीद मंगल पांडेय पीजी कॉलेज, नगवा तक आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही पहले बंद हो चुके कुछ रूटों पर भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराए जाने की संभावना है।
स्थानीय जरूरत के अनुसार तय होंगे रूट
परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। चार्जिंग स्टेशन तैयार हो चुका है और जल्द ही बसें बलिया पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार बसों के रूट तय किए जाएंगे तथा भविष्य में जरूरत के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
