Uncategorized
गुरु रविदास कलश वंदन अभियान से दिया सामाजिक समरसता का संदेश
भाजपा कार्यालय में पवित्र कलश का हुआ पूजन, संत रविदास के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
जौनपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को जिला कार्यालय में ‘श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान’ का आयोजन किया गया। इस दौरान वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी से भरे कलश का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कर सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
पूजन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत संत गुरु रविदास महाराज के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पवित्र कलश का वंदन कर संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
संत रविदास के विचार आज भी प्रासंगिक
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि संत रविदास ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त समाज की स्थापना का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, सद्भाव और मानवता की राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
जिलेभर में चलेगा कलश वंदन अभियान
भाजपा जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने बताया कि कलश वंदन अभियान जिले के सभी मंडलों और गांवों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।
एकता और भाईचारे का दिया संदेश
जिला महामंत्री अजय सिंह ने कहा कि सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र माटी सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। वहीं जिला महामंत्री संदीप तिवारी ने कहा कि काशी स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली का विकास उनकी महान विरासत के सम्मान का प्रतीक है और यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक समरसता का संदेश पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
