जौनपुर
पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय बदमाश समेत दो गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में लगी गोली
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास शुक्रवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कथित अंतरजनपदीय बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया गया है।
चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के अनुसार, बिशुनपुर नहर पुलिया पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे सुईथाखुर्द की ओर भागने लगे। पुलिस के अनुसार पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में एक घायल
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव निवासी भेला, थाना सरपतहां के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं उसके साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर (अंबेडकर नगर) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल रिंकू को पहले सीएचसी खुटहन और बाद में बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हिस्ट्रीशीटर होने का दावा
पुलिस के मुताबिक रिंकू यादव सरपतहां थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रेमशंकर सिंह, कांस्टेबल सोनू यादव, सुरेंद्र वर्मा, कुलदीप गोस्वामी, विजयशंकर यादव, चालक आरक्षी आकाश निषाद तथा आरक्षी अनिकेत और अभिषेक मिश्रा की टीम ने की। घायल आरोपी का उपचार पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
