भदोही
बीआरसी डीघ में मेडिकल असेसमेंट कैंप
25 बच्चों को मिला दिव्यांगता प्रमाण पत्र
समग्र शिक्षा अभियान के तहत आयोजित शिविर में 39 बच्चों का हुआ ऑनलाइन पंजीकरण, दो बच्चों को बीएचयू किया गया रेफर
ज्ञानपुर (भदोही)। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को बीआरसी डीघ परिसर में दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता से संबंधित बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए।
कैंप में कुल 39 दिव्यांग बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जांच कर 25 बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए।
चिकित्सकों की टीम में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हरिओम ने अस्थि संबंधी दिव्यांगता के 9 बच्चों, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र कुमार ने दृष्टिबाधित 5 बच्चों, जबकि मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनकर प्रसाद एवं नैदानिक मनोवैज्ञानिक डॉ. अशोक परासर ने बौद्धिक दिव्यांगता (आईडी) से संबंधित 11 बच्चों का परीक्षण कर प्रमाण पत्र निर्गत किया।
वहीं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति पांडेय ने श्रवण संबंधी समस्या वाले दो बच्चों को विस्तृत जांच के लिए बीएचयू रेफर किया।
शिविर के सफल संचालन में सीएमओ कार्यालय से प्रिया श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज सिंह, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. जे.पी. सिंह, स्पेशल एजुकेटर सत्येंद्र कुमार द्विवेदी, संवर्त मिश्रा, राजेश पांडेय, देवराज मिश्र तथा रामप्रवेश पांडेय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था।
