बलिया
मछली पकड़ने के दौरान कैनाल से मिलीं अष्टधातु की दो प्राचीन प्रतिमाएं
बजरंगबली और लड्डू गोपाल की प्रतिमा होने की संभावना, पुलिस ने कब्जे में लेकर शुरू की जांच
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदपुर (झंगहटा) गांव स्थित दोहरीघाट सहायक पंप कैनाल में गुरुवार सुबह मछली पकड़ने के दौरान दो अष्टधातु की प्रतिमाएं मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और श्रद्धापूर्वक प्रतिमाओं के दर्शन किए। पुलिस ने दोनों प्रतिमाओं को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामाशंकर राजभर रोज की तरह कैनाल में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उनका जाल किसी भारी वस्तु में फंस गया। काफी प्रयास के बाद जब उन्होंने जाल बाहर निकाला तो उसमें दो धातु की प्रतिमाएं उलझी हुई थीं। प्रथम दृष्टया एक प्रतिमा भगवान बजरंगबली तथा दूसरी लड्डू गोपाल (बाल स्वरूप श्रीकृष्ण) की बताई जा रही है।
प्रतिमाएं मिलने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसे आस्था से जोड़ते हुए प्रतिमाओं के दर्शन किए और पूजा-अर्चना भी की।
सूचना मिलने पर उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हल्का प्रभारी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि दोनों प्रतिमाएं प्रथम दृष्टया अष्टधातु की प्रतीत हो रही हैं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रतिमाएं कैनाल में कैसे पहुंचीं और उनका वास्तविक इतिहास क्या है।
फिलहाल प्रतिमाओं की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि नहीं हुई है। यदि जांच में इनके प्राचीन होने की पुष्टि होती है, तो यह क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की दृष्टि से महत्वपूर्ण खोज साबित हो सकती है।
