बलिया
NEET में अभिषेक यादव की शानदार सफलता, गांव में हुआ भव्य सम्मान
डुमाडाड़ भिटकुना के छात्र ने बढ़ाया बलिया का मान, ग्रामीणों ने अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर समारोह, अभिषेक को बताया युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
नगरा (बलिया)। नगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डुमाडाड़ भिटकुना निवासी अभिषेक यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर देकवारी स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर सम्मान समारोह आयोजित कर अभिषेक और उनके पिता डॉ. राजाराम यादव को सम्मानित किया गया।
समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी सोमारी राम ने अभिषेक यादव और उनके पिता को अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की ऐसी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने अभिषेक को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अभिषेक का मिठाई खिलाकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है और ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
इस अवसर पर कृष्ण मुरारी पांडेय, अंकित कुमार, विपिन कुमार, रवि कुमार यादव, भूपेंद्र यादव, डॉ. राजेंद्र राम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
