गोरखपुर
शादी के दो माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रताड़ना का आरोप
पिपराइच में महिला की मौत से सनसनी, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन; निष्पक्ष जांच की मांग
पति, सास और देवर पर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र में शादी के महज दो माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, खुरहूरिया निवासी मुस्कान की शादी करीब दो माह पहले जितेंद्र से हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे दोनों पक्षों ने समझाकर शांत करा दिया। रविवार को मुस्कान की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही मुस्कान को पति जितेंद्र, सास कौशल्या और देवर दीपक मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी की मौत हुई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में शव के साथ प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उधर, पिपराइच थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
