बलिया
पेंशन बढ़ाने की मांग पर मुखर हुए EPS-95 पेंशनभोगी, 5 अगस्त को जंतर-मंतर मार्च का ऐलान
रसड़ा में हुई बैठक में न्यूनतम ₹7,500 पेंशन, महंगाई भत्ता और मुफ्त चिकित्सा सुविधा की उठी मांग
मांगें पूरी नहीं होने पर देशव्यापी आंदोलन तेज करने की चेतावनी, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी
रसड़ा (बलिया)। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर रविवार को उत्तर प्रदेश कताई मिल मजदूर संघ (रसड़ा) की बैठक ब्रह्माईन सती स्थल पर आयोजित हुई। बैठक में ईपीएस-95 पेंशनभोगियों की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।
न्यूनतम पेंशन बढ़ाने की उठी मांग
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा ने कहा कि वर्तमान में कई श्रमिकों को केवल ₹500 से ₹1,200 प्रतिमाह पेंशन मिल रही है, जो बढ़ती महंगाई के बीच पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि पेंशनधारकों को महंगाई भत्ते (डीए) के साथ न्यूनतम ₹7,500 मासिक पेंशन तथा पति-पत्नी को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
अन्य मांगें भी रखीं
बैठक में यह भी मांग की गई कि जिन श्रमिकों ने 10 वर्ष की सेवा पूरी नहीं की है, उनके लिए भी ₹5,000 प्रतिमाह पेंशन की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
5 अगस्त को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान
वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 5 अगस्त को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उनका दावा था कि इस आंदोलन में उत्तर प्रदेश सहित देशभर के ईपीएस-95 पेंशनभोगी भाग लेंगे।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में बृजा प्रसाद, कमलेश श्रीवास्तव, अजय सिंह, देवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रमिक और पेंशनभोगी उपस्थित रहे।
