Connect with us

जौनपुर

उद्योग बंधु बैठक में औद्योगिक विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर, उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश

सीडीओ ने बिजली, सुरक्षा और निवेश मित्र पोर्टल से जुड़े मुद्दों पर की समीक्षा

जौनपुर। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

युवा उद्यमियों को समय पर मिले ऋण

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि पात्र आवेदकों के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर अधिक से अधिक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाए रखने के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

औद्योगिक क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं पर जोर

सीडा औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली, पार्क और विद्युत व्यवस्था सहित बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा के दौरान लो-वोल्टेज की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं, ताकि उत्पादन कार्य प्रभावित न हो।

Advertisement

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और उद्यमियों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निवेश मित्र पोर्टल के लंबित मामलों का होगा निस्तारण

निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने को कहा गया, ताकि निवेशकों और उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनपद के उद्यमी उपस्थित रहे। इस दौरान औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page