मिर्ज़ापुर
ओवरब्रिज के नीचे खड़े दो ऑटो से स्टेपनी चोरी, चालकों में आक्रोश
दो माह में तीसरी वारदात, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया
मिर्जामुराद (वाराणसी)। मिर्जामुराद कस्बे में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने ओवरब्रिज के नीचे खड़े दो ऑटो की स्टेपनी चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर ऑटो चालकों में आक्रोश फैल गया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी ऑटो चालक इजहार शाह और दिलखुशी गुरुवार रात रोज की तरह अपने-अपने ऑटो ओवरब्रिज के नीचे खड़ा कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब वे वाहन लेकर निकलने पहुंचे तो दोनों ऑटो की स्टेपनी गायब मिली। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पीड़ित चालकों का कहना है कि पिछले दो महीनों में कस्बे में ऑटो की स्टेपनी और पहिए चोरी होने की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही चोरियों से वाहन चालकों में दहशत के साथ पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी है। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मिर्जामुराद पुलिस ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
