बलिया
सोनबरसा अंडरपास में घुटने तक जलभराव, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे राहगीर
जल निकासी व्यवस्था ठप, बारिश में तालाब बन जाता है अंडरपास
बैरिया (बलिया)। मुरली छपरा विकास खंड के सोनबरसा स्थित नागा बाबा कुटी के पास बने अंडरपास में लगातार बारिश के कारण घुटने तक पानी भर गया है। जलभराव से मुख्य मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो गया है और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
पानी में छिपी सड़क बनी हादसों की वजह, स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंडरपास में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश में भी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। पानी के भीतर सड़क दिखाई नहीं देने के कारण बाइक, साइकिल और ई-रिक्शा चालक फिसलकर गिर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। गंदे पानी से होकर गुजरने के कारण बच्चों की स्कूल ड्रेस भी खराब हो रही है।
वर्षों पुरानी समस्या, ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग
पत्रकार सुधीर सिंह, मुकेश यादव, ओपी सिंह, अरविन्द सिंह तथा अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील, बड़े हादसे की आशंका
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर अंडरपास से जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
