Connect with us

बलिया

सरयू के कटान से दियरांचल में बढ़ा खतरा, गोपालनगर टाड़ी पर संकट गहराया

Published

on

Loading...
Loading...

एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, प्राथमिक विद्यालय खाली कराया; 300 से अधिक मकानों पर मंडराया खतरा

कटानरोधी कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन, सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि नदी में समाई

बैरिया (बलिया)। सुरेमनपुर दियरांचल में सरयू नदी का कटान लगातार विकराल होता जा रहा है। गुरुवार को नवागत उपजिलाधिकारी शशिभूषण मिश्र ने तहसील प्रशासन के साथ कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। कटान की गंभीर स्थिति को देखते हुए गोपालनगर टाड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय को तत्काल खाली कराकर बच्चों को जूनियर हाई स्कूल में स्थानांतरित कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय का आवश्यक सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई। एसडीएम ने कटान की जद में आए मकानों के लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता से जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों को अवगत कराते हुए कटानरोधी कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया जाएगा।

इधर, सरयू की तेज धारा ने गुरुवार सुबह गोपालनगर और वशिष्ठ नगर सिवान की सैकड़ों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव कार्य नहीं हुआ तो दोनों गांवों के करीब 300 मकान नदी के कटान की जद में आ सकते हैं।

Advertisement

सिंचाई विभाग के एसडीओ आकाश यादव ने बताया कि कटान की स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। आवश्यक स्वीकृति मिलते ही बचाव एवं कटानरोधी कार्य शुरू कराया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि आबादी और कृषि भूमि को सुरक्षित बचाया जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page