Connect with us

बलिया

बारिश ने खोली बेल्थरारोड की जल निकासी व्यवस्था की पोल, सड़कें बनीं तालाब

Published

on

Loading...
Loading...

बहोरवा रोड पर जलभराव से राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान, गड्ढों से हादसे का खतरा

तीन साल पहले बनी सड़क में नहीं हुई जल निकासी की व्यवस्था, ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग

बेल्थरारोड (बलिया)। मानसून की तेज बारिश ने बेल्थरारोड क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है। ग्रामीण इलाकों में कई प्रमुख रास्तों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। बहोरवा रोड पर पानी भर जाने से राहगीरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले बहोरवा रोड का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसका परिणाम यह है कि हर बारिश में सड़क पर पानी जमा हो जाता है और मार्ग तालाब में तब्दील हो जाता है।

गड्ढों में भरे पानी से बढ़ा हादसे का खतरा

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर बने गहरे गड्ढे बारिश के पानी में दिखाई नहीं देते, जिससे राहगीरों के गिरने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें मजबूरी में इसी जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है।

Advertisement

विकास के दावों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

स्थानीय निवासियों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जल निकासी जैसी बुनियादी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही समस्या दोहराई जाती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थायी नाला निर्माण की मांग

परेशान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बहोरवा रोड सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी के लिए स्थायी नाला निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page