Connect with us

बलिया

सोनम वांगचुक पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में आप का हल्लाबोल, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

बलिया में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

नीट पेपर लीक मामले की जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, आंदोलन दबाने का लगाया आरोप

बलिया। लद्दाख के पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन और नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बलिया में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

आप नेताओं ने 18 जुलाई की घटना को लोकतंत्र का “काला दिन” बताते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर 21 दिनों से शांतिपूर्ण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस बल के जरिए जबरन हटाया गया। नेताओं ने कहा कि वांगचुक नीट परीक्षा में धांधली से प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे।

पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की उठाई मांग

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संसद सत्र शुरू होने से पहले आंदोलन को दबाने के लिए सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में बलिया के कार्यकर्ता अभिजीत दीपक को भी हिरासत में लिया गया।

Advertisement

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि—

नीट पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें।
सोनम वांगचुक और युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच कराई जाए।
पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए देश में सख्त कानून बनाया जाए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

आप नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास जारी रहा तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी राजकुमार जायसवाल, अमन यादव, पप्पू अंजनी तिवारी, अशोक कुमार, अनमोल तिवारी, पुनीत यादव, अंकुर तिवारी, अंकित कुमार, आकाश कुमार और संदीप पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page