बलिया
सिकंदरपुर में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का भव्य स्वागत
कई स्थानों पर लगे अलग-अलग स्वागत मंच, गुटबाजी की चर्चा के बीच कार्यकर्ताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन
सिकंदरपुर (बलिया)। भारतीय जनता पार्टी के गोरक्ष प्रांत के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के शनिवार को सिकंदरपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। मालदा चट्टी से लेकर बंशीबाजार, करमौता, खेजुरी तथा नगर के विभिन्न चौराहों पर फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने बस स्टेशन चौराहे पर पूर्व मंत्री स्वर्गीय जगन्नाथ चौधरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय रंजन द्वारा स्थापित आरओ प्लांट का लोकार्पण भी किया।
स्वागत समारोह में गुटबाजी भी बनी चर्चा का विषय
स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा की आंतरिक गुटबाजी भी खुलकर सामने आई। विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन के उद्देश्य से कार्यकर्ता दो अलग-अलग धड़ों में नजर आए। कई प्रमुख चौराहों पर दोनों गुटों ने अलग-अलग स्वागत मंच और पंडाल सजाकर अपने-अपने समर्थकों के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। यह दृश्य पूरे दिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।
‘संगठन की ताकत कार्यकर्ता हैं’ : विनोद राय
क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र, पूर्व विधायक संजय यादव, डॉ. विजय रंजन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
