बलिया
पुलिस पिकेट के पास चोरों का तांडव, शराब दुकान समेत चार दुकानों में चोरी
सीसीटीवी में कैद हुए तीन संदिग्ध, 65 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों का सामान पार
नरही (बलिया)। नरही थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर चौराहे पर शुक्रवार देर रात बेखौफ चोरों ने पुलिस पिकेट के समीप ही एक देशी शराब की दुकान सहित चार दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत के साथ पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पिपरा-कथरिया मार्ग स्थित हरेंद्र राम के सैलून, मुनि जी शर्मा की इलेक्ट्रिकल दुकान और टॉर्च मैकेनिक इमामुद्दीन अंसारी की गुमटी के ताले तोड़कर नकदी एवं कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोरों ने अरविंद कुमार ओझा की देशी शराब की दुकान का ताला तोड़कर करीब 65 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
शनिवार सुबह दुकानदारों ने दुकानें खुली और ताले टूटे देख पुलिस को सूचना दी। शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन संदिग्ध युवक चोरी करते दिखाई दिए हैं। इनमें दो युवकों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, जबकि एक का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
पुलिस पिकेट पर उठे सवाल
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि चौराहे पर 24 घंटे पुलिस पिकेट की ड्यूटी रहती है, इसके बावजूद चोर पुलिस की मौजूदगी के करीब ही लगातार चार दुकानों में चोरी कर फरार हो गए और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
