बलिया
जर्जर विद्युत पोल और लटकते तारों से हादसे का खतरा
व्यापार कल्याण समिति ने विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग, नागरिकों की सुरक्षा पर जताई चिंता
रसड़ा (बलिया)। नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में जर्जर एवं टेढ़े विद्युत पोल तथा लटकते बिजली के तार लोगों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। व्यापार कल्याण समिति, रसड़ा ने इस समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग और नगर पालिका प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अनुसार सदर बाजार में अजीत अग्रवाल की दुकान के पास, मुसफी तिराहा स्थित मिठाई की दुकान के समीप तथा प्राइवेट बस स्टैंड के आगे होलसेल बाजार में लगे कई विद्युत पोल जर्जर हो चुके हैं। इन स्थानों पर बिजली के तार भी अव्यवस्थित होकर नीचे लटक रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रोजाना हजारों लोगों का रहता है आवागमन
व्यापार कल्याण समिति का कहना है कि इन बाजारों से प्रतिदिन हजारों नागरिक, व्यापारी और राहगीर गुजरते हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और लटकते तार किसी भी समय जान-माल के नुकसान का कारण बन सकते हैं। समिति ने कहा कि दुर्घटना होने का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
निरीक्षण कर बदले जाएं क्षतिग्रस्त पोल
समिति ने विद्युत विभाग से प्रभावित स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर जर्जर पोलों को बदलने, लटकते तारों को व्यवस्थित करने तथा विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
व्यापार कल्याण समिति, रसड़ा के संरक्षक सुरेश चन्द, अध्यक्ष मु. युनूस और महामंत्री आशुतोष सोनी ने संयुक्त रूप से प्रशासन एवं विद्युत विभाग से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।
