बलिया
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 22 मामलों का मौके पर निस्तारण
रसड़ा तहसील में 209 शिकायतें पहुंचीं, अवैध कब्जे और भूमि विवादों पर डीएम ने दिखाई सख्ती
राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम को निष्पक्ष जांच के निर्देश, तहसील परिसर में महिला शौचालय का किया उद्घाटन
बलिया। रसड़ा तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में जाति प्रमाण पत्र, खड़ंजा निर्माण, नाली पर अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
अवैध कब्जे और भूमि विवादों पर डीएम ने दिखाई सख्ती
सुनवाई के दौरान ग्राम छितौनी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल और कानूनगो को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम चिंतामनपुर में दो भाइयों के बीच चल रहे भूमि विवाद के मामले में संबंधित क्षेत्राधिकारी को मौके पर भेजकर समाधान कराने का निर्देश दिया गया।
ग्राम गाजियापुर में नवीन परती भूमि पर बसे लोगों को हटाने के प्रकरण में जिलाधिकारी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कहा कि यदि वहां रहने वाले लोग पात्र पाए जाते हैं तो नियमानुसार पट्टा देने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: डीएम
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करे। जन शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
महिला शौचालय का उद्घाटन और किया पौधरोपण
सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में नवनिर्मित महिला शौचालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कुमार राय, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
