बलिया
इन्वर्टर का कनेक्शन जोड़ते समय करंट की चपेट में आए अधेड़ की मौत
सिकंदरपुर के कोथ गांव में दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम
सीएचसी में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, गांव में पसरा मातम
सिकंदरपुर (बलिया)। थाना क्षेत्र के कोथ गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। घर में इन्वर्टर का कनेक्शन जोड़ते समय हुए हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान स्वर्गीय हसनजान खान के पुत्र शेराजुद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शेराजुद्दीन अपने घर की विद्युत व्यवस्था ठीक करने के लिए स्वयं इन्वर्टर लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में शेराजुद्दीन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदरपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।
