बलिया
समाज और नव-सृजन के कार्य ही मनुष्य को बनाते हैं महान: अंबिका चौधरी
पूर्व मंत्री स्व. घूरा राम की छठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब
वक्ताओं ने याद किया सामाजिक और राजनीतिक योगदान, जीवन दर्शन अपनाने का किया आह्वान
रसड़ा (बलिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय घूरा राम की छठवीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को श्री सहदेव पौधरिया अंबेडकर सेवा संस्थान, मंदा-रसड़ा में विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पूर्व मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि मनुष्य का शरीर नश्वर होता है, लेकिन उसके अच्छे कार्य और विचार हमेशा जीवित रहते हैं। समाज के नव-सृजन के लिए किए गए कार्य ही व्यक्ति को महान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय घूरा राम ने अपने जीवन में समाजहित के लिए जो कार्य किए, वे सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
इससे पूर्व मुख्य अतिथि अंबिका चौधरी ने स्वर्गीय घूरा राम के बड़े पुत्र डॉ. अनुराग गर्ग (संतोष कुमार), चिलकहर ब्लॉक प्रमुख आदित्य गर्ग और प्रधान संघ अध्यक्ष अभय कुमार कौशल सहित अन्य गणमान्य लोगों के साथ पूर्व मंत्री के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ किया।
वक्ताओं ने स्वर्गीय घूरा राम के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनके विचार और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक रहेगा।
हजारों लोगों ने पहुंचकर किया नमन
श्रद्धांजलि सभा में दर्जा प्राप्त मंत्री बाल्मिकी त्रिपाठी, अल्का राय, बीरबल राम, जावेद अंसारी, नवीन जायसवाल, विजयशंकर यादव, उत्तीर्ण पांडेय और रवींद्र यादव सहित हजारों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि दी।
अंत में डॉ. अनुराग गर्ग ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।
