Connect with us

बलिया

गंगा कटान कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

भाजपा कार्यकर्ता सूर्यभान सिंह ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल, सरकारी धन के दुरुपयोग की जताई आशंका

कटानरोधी कार्यों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग

बैरिया (बलिया)। बैरिया विधानसभा क्षेत्र में गंगा कटान की गंभीर समस्या और बचाव कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भाजपा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी सूर्यभान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद द्वारा प्राप्त ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए आजमगढ़ मंडल के आयुक्त को भेज दिया गया है। ज्ञापन में क्षेत्र में कराए गए कटानरोधी कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

सूर्यभान सिंह का आरोप है कि प्रत्येक वर्ष गंगा कटान रोकने के नाम पर सरकार की ओर से करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय उदासीनता के कारण सरकारी धन का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है और कटान प्रभावित परिवारों को स्थायी राहत नहीं मिल रही है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी संख्या में परिवार अपनी जमीन, मकान और आजीविका गंवाकर विस्थापन की स्थिति में पहुंच सकते हैं।

ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि अब तक कराए गए सभी कटानरोधी कार्यों और उन पर हुए खर्च की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी बलिया और उपजिलाधिकारी बैरिया को भी भेजी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page