बलिया
विदेशी करेंसी के नाम पर ऑटो मैकेनिक से ₹2 लाख की ठगी
रियाल की गड्डी दिखाकर साबुन और कागज से भरा बैग थमाया, पुलिस जांच में जुटी
बैरिया (बलिया)। बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में विदेशी करेंसी (रियाल) के नाम पर एक ऑटोमोबाइल इलेक्ट्रिशियन से दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने भावनात्मक कहानी सुनाकर पीड़ित को अपने झांसे में लिया और रियाल से भरे बैग के बदले नकदी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित आफताब आलम, जो बैरिया के रेवती स्टैंड के पास गुमटी में वाहनों की इलेक्ट्रॉनिक खराबी ठीक करने का काम करते हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 जुलाई को दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने खुद को एक ही मजहब का बताते हुए कहा कि उनका बेटा नौवीं मंजिल से गिरकर अस्पताल में भर्ती है और इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास सऊदी अरब की मुद्रा रियाल है, जिसे बैंक में तत्काल एक्सचेंज नहीं कराया जा सकता।
ठगों ने आफताब को रियाल की गड्डी रखने और बदले में ₹2 लाख उधार देने का प्रस्ताव दिया। उनकी बातों पर भरोसा कर आफताब 10 जुलाई को तय स्थान हल्दी पहुंचे, जहां उन्होंने दो लाख रुपये ठगों को सौंप दिए।
आरोप है कि बातचीत और चाय-पानी के दौरान ठगों ने बेहद शातिर तरीके से रियाल वाला बैग बदलकर उसी जैसा दिखने वाला दूसरा बैग थमा दिया, जिसमें साबुन की बट्टियां और रद्दी कागज भरे थे।
घर पहुंचकर जब आफताब ने बैग खोला तो ठगी का पता चला। उन्होंने जब ठगों से संपर्क करने की कोशिश की तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले। बाद में जिस किराए के मकान में वे ठहरे थे, वहां पहुंचने पर मकान मालिक ने बताया कि दोनों खुद को हींग का कारोबारी बताते थे। आरोप है कि जाते समय ठग मकान मालिक के मोबाइल से अपने पहचान पत्र (आईडी) का डेटा भी डिलीट कर गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर बैरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
