Connect with us

जौनपुर

जौनपुर जंक्शन के आधुनिकीकरण की उठी मांग, व्यापार मंडल ने रेलवे को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

रेलवे यार्ड, वॉशिंग सेंटर, माल ढुलाई साइडिंग और नई ट्रेन चलाने का सुझाव

व्यापारियों बोले— आधुनिक सुविधाओं से व्यापार, उद्योग और किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

जौनपुर। जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल ने जौनपुर जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए रेलवे अधिकारियों को विभिन्न सुझावों का ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने रेलवे मंत्रालय के निर्देश पर वाराणसी से आए उत्तर रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) रामनिवास यादव से मुलाकात कर जंक्शन के समग्र विकास की मांग उठाई।

दिनेश टंडन ने कहा कि जौनपुर एक ऐतिहासिक और प्रमुख व्यापारिक शहर है, लेकिन रेलवे सुविधाओं के अभाव में यहां के व्यापार और उद्योग को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जंक्शन पर रेलवे यार्ड, वॉशिंग सेंटर, शेडिंग सुविधा और माल ढुलाई के लिए साइडिंग रैक स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा माल परिवहन अधिक सुगम होगा।

बैठक में सब्जी-फल व्यापार समिति के महामंत्री एवं प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर ने जौनपुर जंक्शन पर आवश्यक रेलवे ढांचे के शीघ्र विकास की मांग की। उन्होंने जौनपुर को देश के प्रमुख व्यावसायिक शहरों से जोड़ने के लिए ‘मां शीतला एक्सप्रेस’ नाम से नई ट्रेन संचालित किए जाने का सुझाव भी दिया।

Advertisement

प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने कहा कि रेलवे की उपेक्षा के कारण जौनपुर का प्रसिद्ध चमेली सुगंधित तेल उद्योग भी प्रभावित हुआ है। वहीं नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल और सब्जी-फल व्यापार समिति के अध्यक्ष राजमणि यादव ने जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने तथा नई ट्रेनों के संचालन की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर संतोष अग्रहरि, छब्बूलाल सोनकर, रामकुमार साहू, सुरेश सोनकर, नरसिंह अवतार जायसवाल, रामआसरे मौर्य, रत्तीलाल सोनकर, आशीष माली, पप्पू सोनकर, बाबाजी, विजय सोनकर, राकेश जायसवाल, यशवंत साहू और चंदन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page