Connect with us

जौनपुर

सिटी स्टेशन पर रुकेगी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस

Published

on

Loading...
Loading...

17 जुलाई से होगा संचालन, पूर्वांचल और पंजाब के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन, आधुनिक सुविधाओं के साथ मिलेगा तेज और आरामदायक सफर

जौनपुर। पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। वाराणसी और पंजाब के छेहर्टा के बीच चलने वाली अत्याधुनिक संत रविदास वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी होगा। यह ट्रेन 17 जुलाई से निर्धारित समय के अनुसार संचालित होगी। नई रेल सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।

रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार छेहर्टा–वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (14624) प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। वहीं वाराणसी–छेहर्टा वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (14623) गुरुवार, शनिवार और सोमवार को चलेगी।

इस नई रेल सेवा के शुरू होने से पूर्वांचल और पंजाब के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगी। विशेष रूप से जौनपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Advertisement

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

इस ट्रेन का ठहराव जौनपुर सिटी के अलावा सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर सिटी, अमृतसर और छेहर्टा रेलवे स्टेशनों पर होगा। इससे उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

श्रमिकों, व्यापारियों और छात्रों को मिलेगा लाभ

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में यात्रियों को आरामदायक यात्रा, बेहतर सुरक्षा और उन्नत सुविधाएं मिलेंगी। इस ट्रेन का सबसे अधिक लाभ पंजाब में कार्यरत पूर्वांचल के श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, छात्रों तथा धार्मिक यात्रियों को मिलेगा।

जौनपुर सिटी स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की घोषणा के बाद जिले के यात्रियों और व्यापारिक वर्ग में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब पंजाब की यात्रा के लिए उन्हें तेज, सुविधाजनक और समय की बचत करने वाली आधुनिक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page