गोरखपुर
प्रतिभा विकास फाउंडेशन ने चलाया पौधारोपण अभियान
हरपुर बुदहट क्षेत्र में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
भाजपा नेता राजेश पाण्डेय की प्रेरणा में आयोजित कार्यक्रम में लोगों से पौधों की देखभाल करने की अपील
गोरखपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से प्रतिभा विकास फाउंडेशन के तत्वावधान में हरपुर बुदहट क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उपस्थित लोगों ने उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
यह पौधारोपण अभियान भाजपा नेता एवं गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजेश पाण्डेय की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।

फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अमूल्य धरोहर हैं। स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
प्रतिभा विकास फाउंडेशन ने क्षेत्रवासियों से पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।
