Connect with us

भदोही

पुराने तालाब पर अतिक्रमण से बढ़ी जलभराव की समस्या

Published

on

Loading...
Loading...

व्यापार मंडल ने उठाई आवाज

ईओ को सौंपा ज्ञापन, तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण; नाला पाटने से पांच मोहल्लों की निकासी प्रभावित

गोपीगंज (भदोही)। नगर के भगवतपुर वार्ड संख्या-5 के पीछे स्थित पुराने तालाब पर कथित अतिक्रमण और नाले को पाटे जाने से जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसके चलते क्षेत्र में जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। मामले को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, गोपीगंज ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद तहसीलदार भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने दिए गए ज्ञापन में बताया कि उक्त तालाब में नगर के लगभग पांच मोहल्लों का नाली का पानी एकत्र होता है। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में की जा रही प्लॉटिंग के दौरान दबंगों ने करीब 30 फीट चौड़े नाले को मिट्टी डालकर पाट दिया है। साथ ही ग्राम समाज की भूमि पर भी कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया है।

नाले के अवरुद्ध होने से आधे नगर की जलनिकासी बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप गंदा पानी लोगों के घरों में घुसने लगा है और सड़कों पर नालियों का पानी बह रहा है। नालियां जाम होने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है।

Advertisement

व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम से मौके का निरीक्षण कराकर अतिक्रमण हटवाया जाए तथा बंद किए गए नाले को तत्काल खुलवाकर जलनिकासी व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि नगरवासियों को राहत मिल सके।

शिकायत के बाद तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page