Connect with us

बलिया

ऐतिहासिक महावीरी झंडा महोत्सव की शुरुआत, सिकंदरपुर में निकला प्रथम ‘राम अखाड़ा’ जुलूस

Published

on

Loading...
Loading...

अस्त्र कला के प्रदर्शन और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंजा नगर, कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ आयोजन

16 जुलाई को निकलेगा ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस रही मुस्तैद

सिकंदरपुर (बलिया)। आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस से पहले नगर के पारंपरिक अखाड़ों की श्रृंखला का शुभारंभ हो गया। शनिवार देर रात गणेश सोनी के नेतृत्व में महावीर स्थान से प्रथम ‘राम अखाड़ा’ का भव्य जुलूस भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया।

जुलूस में क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक लाठी-डंडों के साथ अस्त्र कला का आकर्षक प्रदर्शन किया। नगर भ्रमण के दौरान ‘जय महावीर’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया तथा अखाड़े के खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से लोगों का मन मोह लिया।

राम अखाड़ा जुलूस महावीर स्थान से प्रारंभ होकर सोनार गली, पुराना पोस्ट ऑफिस, जलपा चौक, रशीदिया चौक, भिखपुरा और गुरुजी के मोड़ होते हुए डोमनपुरा स्थित चतुर्भुजनाथ (ठाकुर जी) मंदिर पहुंचा। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद जुलूस पुनः महावीर स्थान पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Advertisement

शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने संवेदनशील रशीदिया चौक और भिखपुरा चौक पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। उपजिलाधिकारी ऋषिकांत राजवंशी, क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह और थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया स्वयं पूरे जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

इस अवसर पर संजय जायसवाल, विजय जायसवाल, प्रयाग चौहान, डॉ. उमेश चंद, नजरुल बारी उर्फ बल्लू मास्टर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page