गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया गया जागरूक
जलालाबाद में आयोजित कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबरों और महिला सुरक्षा कानूनों की दी गई जानकारी
दुल्लहपुर पुलिस ने महिलाओं से निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराने और साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत रविवार को दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के कस्बा जलालाबाद में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102/108 एम्बुलेंस सेवा, 101 अग्निशमन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। महिलाओं को संदिग्ध लिंक, फर्जी एसएमएस, नकली वेबसाइट, ओटीपी साझा न करने तथा ऑनलाइन गोपनीयता (प्राइवेसी) बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

इस अवसर पर हेड कांस्टेबल पंकज शुक्ला, महिला आरक्षी शालिनी सिंह एवं उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
