बलिया
पुरानी रंजिश में संविदा लाइनमैन पर जानलेवा हमला, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
ड्यूटी पर जाते समय लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस, जांच शुरू
बैरिया (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर विद्युत विभाग के एक संविदा लाइनमैन पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ड्यूटी पर जा रहे लाइनमैन को रास्ते में रोककर चार लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार चरजपुरा गांव निवासी बबलू वर्मा (30) शनिवार देर शाम बैरिया विद्युत उपकेंद्र में ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही जयराम यादव, श्री भगवान यादव, राजदेव यादव और धनंजय यादव ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि चारों ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बबलू वर्मा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनबरसा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
