बलिया
बाढ़ से पहले बैरिया विधायक का औचक निरीक्षण, तैयारियों पर उठाए सवाल
कटान रोधी कार्यों में सुस्ती पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दी चेतावनी
अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की मांग
बैरिया (बलिया)। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के विधायक जयप्रकाश अंचल ने शुक्रवार को शिवपुर घाट, सेमरी, दुबे छपरा और गोपालपुर क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा एवं कटान रोधी कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों में कथित सुस्ती और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निर्धारित समय-सीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन अधिकांश कार्य अब तक अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ विभाग की लापरवाही के कारण क्षेत्र के लोगों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है।
जयप्रकाश अंचल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि लापरवाही जारी रही और बाढ़ के दौरान जनता को किसी प्रकार की परेशानी हुई, तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
