बलिया
सरयू के कटान को लेकर प्रशासन अलर्ट, ठोकर निर्माण कार्य तेज
नायब तहसीलदार ने किया निरीक्षण, संवेदनशील गांवों में बढ़ी निगरानी
बांसडीह (बलिया)। सरयू नदी के बढ़ते कटान को देखते हुए बांसडीह तहसील प्रशासन अलर्ट हो गया है। कटान प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बचाव कार्यों की निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में नायब तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने महाराजपुर और चांदपुर गांव पहुंचकर ठोकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
करोड़ों की लागत से बन रही ठोकरें
कटान रोकने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से ठोकरों का निर्माण कराया जा रहा है। इनसे महाराजपुर, चांदपुर, भोजपुरवा, रामपुर नंबरी और कोलकला जैसे तटवर्ती एवं अति संवेदनशील गांवों को सरयू नदी के कटाव से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
भोजपुरवा में घरों के पास पहुंचा बाढ़ का पानी
प्रशासन के अनुसार भोजपुरवा में टीएस बंधे के उत्तर स्थित घरों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों से एहतियात बरतने और आवश्यक सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की अपील की।
ग्रामीणों ने की रोशनी की व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से रात्रि में अंधेरा और जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की। उनका कहना है कि रात के समय आवागमन और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
कटान प्रभावितों की सूची तैयार
उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नियमित निगरानी की जा रही है। वहीं तहसीलदार नितिन कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम कटान प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
