बलिया
47 वर्षों बाद अतिक्रमण मुक्त हुआ विशुनपुरा का खेल मैदान, खुला ओपन जिम
तीन वर्षों की कानूनी लड़ाई के बाद मिली सफलता, मॉडल खेल मैदान के रूप में होगा विकसित
रेवती (बलिया)। ग्राम पंचायत विशुनपुरा (बभनौली तपा रेवती) में चकबंदी के 47 वर्ष बाद खेल के मैदान को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। राजस्व अभिलेखों में आरजी संख्या 331 (रकबा 0.0400 हेक्टेयर) के रूप में दर्ज इस भूमि को ग्राम प्रधान अर्जुन सिंह चौहान ने राजस्व विभाग की टीम के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त कराया।
अतिक्रमण हटते ही लगाया गया ओपन जिम
मैदान खाली होने के बाद ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए यहां तत्काल ओपन जिम की मशीनें स्थापित कराईं। इससे गांव के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में खुशी का माहौल है।
तीन साल तक चली कानूनी और प्रशासनिक लड़ाई
ग्राम प्रधान अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि खेल मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए पिछले तीन वर्षों से लगातार कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे थे। लंबे संघर्ष के बाद प्रशासन के सहयोग से यह सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में इस मैदान को सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त ‘मॉडल खेल मैदान’ के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ग्रामीणों ने बताया ऐतिहासिक कदम
ग्रामीण हरेंद्र और अनिल चौहान ने खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने को गांव के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। वहीं राजेंद्र चौहान ने कहा कि मैदान खाली होने से अब घघरौली, बभनौली और गायघाट क्षेत्र की बेटियों के विवाह समारोह में बारात ठहराने की वर्षों पुरानी समस्या भी दूर हो जाएगी।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और राजस्व विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे गांव के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
