बलिया
21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत, समझौते से होगा मामलों का निस्तारण
‘समाधान समारोह-2026’ के तहत त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने की पहल
ऑनलाइन भी शामिल हो सकेंगे पक्षकार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की अपील
बलिया। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को देशभर में ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिनमें आपसी सहमति की संभावना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के निर्देशन में आयोजित इस विशेष पहल का उद्देश्य पक्षकारों को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। साथ ही आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए विवादों का शांतिपूर्ण समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समझौते की प्रक्रिया के लिए पक्षकारों की बैठक जनपद न्यायालय परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित होगी। जो पक्षकार व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकेंगे, उन्हें ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यवाही में शामिल होने की सुविधा मिलेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने ऐसे सभी इच्छुक पक्षकारों से इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर आपसी सहमति से अपने विवादों का निस्तारण कराने की अपील की है।
