वाराणसी
सोलर पैनल लगाने वालों को नगर निगम की सौगात, संपत्ति कर में 10% अतिरिक्त छूट
पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को मिलेगा फायदा, 15 जुलाई तक कर जमा करने पर कुल 12% तक की छूट
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाराणसी नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अपने मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने वाले भवन स्वामियों को संपत्ति कर में 10 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी। यह रियायत पहले से लागू कर छूट के अतिरिक्त होगी, जिससे सोलर ऊर्जा अपनाने वाले नागरिकों को अधिक आर्थिक लाभ मिलेगा।
नगर निगम ने कर भुगतान प्रक्रिया को और सरल व डिजिटल बनाने के लिए अपने एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट में सोलर पैनल से संबंधित नया विकल्प भी जोड़ा है। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे योजना की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए अतिरिक्त कर छूट का लाभ ले सकेंगे।
1 जुलाई तक 33.94 करोड़ रुपये का कर संग्रह
नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में संपत्ति कर संग्रह के मामले में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। अप्रैल से 1 जुलाई 2026 तक 51,185 करदाताओं ने कुल 33.94 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया।
इनमें 20,158 करदाताओं ने यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जैसे डिजिटल माध्यमों से 16.18 करोड़ रुपये का भुगतान किया। वहीं, व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए 1,627 नागरिकों ने 1.11 करोड़ रुपये का कर जमा कर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया।
15 जुलाई तक कुल 12% तक की छूट
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने पर 10 प्रतिशत सामान्य छूट दी जा रही है। यदि करदाता ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करते हैं तो उन्हें 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट भी मिलेगी। इस तरह कुल 12 प्रतिशत तक की रियायत प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त संपत्ति कर छूट भी मिलेगी, जिससे पात्र नागरिकों को पहले की तुलना में अधिक कर राहत का लाभ मिलेगा।
स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित होंगे नागरिक
नगर निगम का मानना है कि इस पहल से अधिक लोग सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित होंगे। इससे बिजली के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता कम होगी, हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और नागरिकों को बिजली बिल में बचत के साथ संपत्ति कर में भी अतिरिक्त राहत मिलेगी।
नगर निगम ने नागरिकों से समय पर कर जमा करने, डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता देने और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
