Connect with us

गाजीपुर

यूपीटीईटी-2026: डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, नकल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रथम दिन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। द्वितीय पाली में उन्होंने स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीरनगर तथा लुडर्स कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए तथा शासन के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल या अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने, केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।

Advertisement

जनपद में यूपीटीईटी-2026 के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम दिन दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पहली पाली में 7,392 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 841 अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 7,392 में से 770 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए छह जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल एवं उड़न दस्ते लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page