बलिया
डीएम ने पीपल का पौधा लगाकर किया वन महोत्सव का शुभारंभ
1 से 7 जुलाई तक चलेगा अभियान, पौधों के संरक्षण का भी दिलाया संकल्प
बलिया। जिले में 1 से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अपने नाम का पीपल का पौधा लगाकर किया और पर्यावरण संरक्षण तथा हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों ने भी अपने-अपने नाम से पौधारोपण किया। अभियान की शुरुआत पांच पौधे रोपकर की गई।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को पेड़ बनने तक संरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने में जनसहभागिता की अहम भूमिका है।
कार्यक्रम का संयोजन प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, बलिया द्वारा किया गया। उन्होंने लोगों से स्वयं वृक्षारोपण करने तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक पौधे जीवित रह सकें।
इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी तथा वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
