बलिया
संविदाकर्मी से मारपीट, सरकारी उपकरण तोड़ने का आरोप
बिजली का पोल गाड़ने के दौरान विवाद, अवर अभियंता ने थाने में दी तहरीर
बैरिया (बलिया)। दोकटी फीडर क्षेत्र के भगवानपुर गांव में विद्युत विभाग के एक संविदाकर्मी के साथ मारपीट और सरकारी उपकरण तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अवर अभियंता अभिराम प्रणय ने दोकटी थाने में तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, संविदाकर्मी कौशल पटेल भगवानपुर गांव में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बिजली का पोल गाड़ने का कार्य कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के विक्की पासवान, बंका पासवान, अर्जुन पासवान, कमलेश पासवान और कृष्ण शंकर पासवान ने पोल गाड़ने का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर उक्त लोगों ने सरकारी विद्युत उपकरण छीनकर तोड़ दिया और संविदाकर्मी कौशल पटेल के साथ मारपीट की। घटना में आरोपितों के परिवार की एक महिला के भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
अवर अभियंता अभिराम प्रणय ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना से नाराज बैरिया विद्युत उपकेंद्र के संविदाकर्मियों ने बैठक कर साथी कर्मचारी के साथ हुई कथित घटना की निंदा की और दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई तथा न्याय दिलाने की मांग उठाई।
